रियासी। उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक परियोजना के अंतर्गत ग्रामोड़ में पुल बनाने का काम करने को आई रेलवे की कंपनी अफकांस की तरफ से वेतन नहीं मिलने पर मजदूरों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को धरना देकर कंपनी के खिलाफ रोष जताया।
कंपनी कार्यालय के बाहर एकत्रित हुए मजदूरों ने धरना देते हुए बताया कि लॉकडाउन में कंपनी की तरफ से वेतन नहीं दिया गया है। इस कारण उनकी समस्याएं बढ़ गई हैं। कंपनी के अधिकारियों के साथ बार-बार बात करने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है, जिस कारण यह कदम उठाना पड़ा है। वेतन नहीं मिलने से परिवार का गुजारा चलाना मुश्किल हो गया है। आने वाले दिनों में अगर वेतन नहीं मिला तो भूखे मरने की नौबत आ जाएगी। धरने पर बैठे मजदूरों से मिलने के लिए इंचार्ज एसएचओ प्रदीप सिंह ने कंपनी अधिकारियों के साथ बातचीत कर जल्द समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। इसके बाद श्रमिक शांत हुए और धरना स्थगित किया।