- घगवाल में चक्का जाम, सीएम व डिप्टी सीएम के पुतले फूंके
- संघर्ष समिति के बैनर तले हिंदू संगठनों ने आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा/विजयपुर/अखनूर/बिश्नाह। श्री माता वैष्णो देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एक्सीलेंस (एसएमवीडीआईएमई) में सीट आवंटन का मुद्दा गहराता जा रहा है। बुधवार को विभिन्न हिंदू संगठनों ने श्री माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति के बैनर तले सांबा, घगवाल, विजयपुर, अखनूर सहित राजोरी और पुंछ जिले में प्रदर्शन किए।
घगवाल मुख्य चौक पर प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी के पुतले फूंके। प्रदेश सरकार और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन से करीब 45 मिनट तक जाम लगा रहा। जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यात्री परेशान हुए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मेडिकल कॉलेज की 50 एमबीबीएस सीटों में से 42 मुस्लिम छात्रों को दी गई हैं जो हिंदू छात्रों के साथ अन्याय है। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे सरपंच सुनील उपाध्याय ने कहा कि यह मामला आस्था और अधिकारों से जुड़ा है न कि किसी धर्म विशेष से। उन्होंने श्राइन बोर्ड से सीट आवंटन रद्द कर पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने की मांग की। उधर, विजयपुर के मुख्य बाजार में संघर्ष समिति के सदस्यों ने प्रदर्शन किया। समिति के इंचार्ज राहुल शर्मा ने बताया कि कटड़ा मेडिकल कॉलेज में हिंदू छात्रों के साथ अन्याय हुआ है। मांग की कि हिंदू श्राइन बोर्ड के काॅलेज में हिंदू छात्रों को ही प्राथमिकता दी जानी चाहिए। बिश्नाह में प्रदर्शन में संत समाज के साथ स्थानीय लोगों ने भाग लिया। तारा चौक में प्रदर्शनकारियों ने श्राइन बोर्ड के खिलाफ नारेबाजी कर हिंदू छात्रों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया।
वर्ष 2008 जैसे हालात बन रहे
अखनूर के निर्दोष चौक पर संघर्ष समिति के बैनर तले प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शन की अध्यक्षता संघर्ष समिति के संयोजक पवन गुप्ता और सह संयोजक महंत रामेश्वर दास ने की। प्रदर्शन में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के प्रांत सह संगठन मंत्री रघुवीर सिंह, भाऊ बिरादरी के प्रधान नरेंद्र सिंह, संघर्ष समिति की कोर कमेटी सदस्य एवं युवा राजपूत सभा के पूर्व प्रधान राजन सिंह हैप्पी, दिलावर सिंह, महंत रघुवर दास, रशपाल मगोत्रा, सुदेश मगोत्रा, प्रदीप चौधरी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। महंत रामेश्वर दास ने 2008 के अमरनाथ आंदोलन का हवाला देते हुए कहा कि हालात उसी दिशा में बढ़ रहे हैं। उन्होंने सभी वर्गों से एकजुट होने की अपील की। संघर्ष समिति के संयोजक पवन गुप्ता ने कहा कि आने वाले दिनों में संघर्ष को जन आंदोलन में बदला जाएगा। उन्होंने जम्मू की सभी सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं से इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। हैप्पी ने भाजपा के 29 विधायकों से भी अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि श्राइन बोर्ड को सरकार के प्रभाव से मुक्त किया जाना चाहिए और उपराज्यपाल को तत्काल हस्तक्षेप कर निष्पक्ष समाधान निकालना चाहिए। चेतावनी दी कि सरकार के रवैये ने जनता को उग्र आंदोलन के लिए मजबूर कर दिया है।
-
शिक्षा के साथ खेलों में
भी भेदभाव का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने खेल जगत में भी जम्मू के साथ अन्याय का मुद्दा उठाया। कहा कि संतोष ट्रॉफी के लिए जम्मू के 74 खिलाड़ी पूरी तैयारी के बावजूद चयन से बाहर रखे गए जबकि कश्मीर से सभी 20 खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया। रघुवीर सिंह ने खेल मंत्री सतीश शर्मा पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यदि वे अपने क्षेत्र और जम्मू के हितों की रक्षा नहीं कर सकते तो उन्हें पद से इस्तीफा देना चाहिए।
-
पुंछ में एलजी, सीएम व श्राइन
बोर्ड के खिलाफ की नारेबाजी
पुंछ। जिले में श्री माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति ने चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। समिति के अध्यक्ष पंडित गोपाल कृष्ण की अगुवाई में समिति के सदस्यों और जिला सनातन धर्मसभा के प्रधान क्षेत्रपाल शर्मा के साथ बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के सदस्य बस अड्डे पर इकट्ठा हुए। उन्होंने सड़क के बीच धरना देकर उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के खिलाफ नारेबाजी की। मेडिकल कॉलेज के दाखिले रद्द करने की मांग की। चेतावनी दी कि जल्द मुद्दा हल नहीं किया तो यह आंदोलन वर्ष 2008 का रूप ले लेगा। माैके पर चंद्रमोहन शर्मा, कमल जीत सिंह, निश्चल सूदन, लेखराज दत्ता, जुगल किशोर, भानूप्रताप आदि माैजूद रहे। संवाद