भर्ती नियमों को तत्काल तैयार करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) राजोरी के अराजपत्रित कर्मचारियों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। इसमें सेवा भर्ती नियमों को तत्काल तैयार करने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने रोष प्रकट करते हुए बताया कि यह मांग पिछले छह वर्षों से लंबित है। कैबिनेट ने नए मेडिकल कॉलेजों के लिए 3375 पद सृजित किए थे। इस संबंध में जम्मू-कश्मीर स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने भर्ती के लिए जेकेएसएसबी को आदेश जारी किया था। हालांकि जब नए जीएमसी की स्थापना की गई है। जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) के माध्यम से नियुक्त कर्मियों ने भर्ती नियमों को तैयार करने में देरी पर गहरी चिंता व्यक्त की है। वास्तविक वेतनमान और भर्ती नियमों के अंतिम रूप देने के लिए जेकेएसएसबी ने समय-समय पर कई समितियों का गठन किया लेकिन इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कई बार स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग को ज्ञापन साैंपे गए लेकिन अब तक लाभ नहीं मिला है। कर्मचारी इन लंबित नियमों पर तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि करियर में स्थिरता की समस्या का समाधान किया जा सके।