जम्मू। मानदेय बढ़ाने की मांग के साथ विभिन्न विभागों के दैनिक वेतनभोगियों ने शुक्रवार को डोगरा चौक पर धरना दिया। कहा कि जितना मानदेय उनको मिल रहा है उससे परिवार का पालन-पोषण नहीं हो रहा है। सरकार उनके साथ मजाक कर रही है। बार-बार मांगों को पूरा करने का केवल वादा किया जा रहा है। ऑल डेलीवेजर जम्मू-कश्मीर संघर्ष समिति ने मांग पूरी न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
संगठन के अध्यक्ष सनीकांत चिब ने डोगरा चौक पर एकत्र हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, दैनिक वेतनभोगी रसोइयों, चौकीदारों को संबोधित करते हुए कहा कि मानदेय कई वर्षों की सेवाओं के बाद भी बढ़ाया नहीं जा सका है। सरकार ने जल्द ही इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन किया जाएगा। मानदेय के नाम पर हर बार दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को ठगा जाता है। अन्य विभागीय कर्मियों की तरह ही सुविधाएं देने की मांग की गई। मानदेय के नाम पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को पांच हजार रुपये प्रति माह, चौकीदार को तो वर्ष 2004 से कोई मानदेय नहीं मिला। मिड-डे मील में रसोईया को प्रतिदिन 30 रुपये के हिसाब से मानदेय दिया जा रहा है जो काफी कम है। अध्यक्ष ने कहा कि मानदेय बढ़ाएने के लिए संगठन लगातार आंदोलन करता रहेगा। धरने में डोडा, जम्मू, किश्तवाड़, पुंछ जिलों से दैनिक वेतनभोगी पहुंचे थे।