संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जेकेएसएसबी अभ्यर्थियों ने प्रतीक्षा सूची मानदंडों को पुन:निर्धारित करने की मांग को लेकर बुधवार को हरि सिंह पार्क के बाहर प्रदर्शन किया। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा से मामला सुलझाने की मांग की।
अभ्यर्थी स्वर्णवीर सिंह जराल ने कहा कि पंचायत सचिव (वीएलडब्ल्यू) की परीक्षा 10 दिसंबर को हुई थी। 1375 पदों के लिए परीक्षा ली गई थी। वहीं, अब फाइनेंस एकाउंट असिस्टेंट (एफएए) की एक और परीक्षा जनवरी के पहले सप्ताह हो सकती है। लेकिन, एफएए का आईक्यू स्तर वीएलडब्ल्यू से थोड़ा अधिक है। वे उम्मीदवार, जो वीएलडब्ल्यू परीक्षा उत्तीर्ण करेंगे, वे एफएए भी अच्छे अंकों से उत्तीर्ण करेंगे। इससे जाहिर तौर पर वे वीएलडब्ल्यू विभाग छोड़ एफएए चुनेंगे। ऐसे में प्रतीक्षा सूची वालों को मौका मिल जाता है। लेकिन, अधिकारियों ने कुछ आधार पर प्रतीक्षा सूची मानदंड हटा दिया है। इससे परीक्षा के बाद भी आधी सीटें खाली रह जाएंगी। अगर वेटिंग लिस्ट होगी तो योग्य और जरूरतमंद लोगों को नौकरी मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि जेकेपीएससी जैसी हाई प्रोफाइल परीक्षाओं में प्रतीक्षा सूची प्रक्रिया है तो फिर जेकेएसएसबी की प्रतीक्षा सूची मानदंड क्यों हटा दिया गया है।