जम्मू। आठ दिन से हड़ताल पर चले रहे ट्रांसपोर्टरों ने बुधवार को सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। बीसी रोड पर एकत्रित हुए ट्रांसपोर्टरों ने सरकार के रवैये पर रोष जताते कहा कि हमारी सुनवाई नहीं की जा रही। सरकार ने 50 प्रतिशत यात्री क्षमता के साथ बसें चलाने का आदेश तो जारी किया, लेकिन यह नहीं देखा कि महंगाई के दौर में ट्रांसपोर्टरों पर इसका क्या असर पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो वे लोग परिवार के साथ सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे।
जम्मू-कश्मीर ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले ट्रांसपोर्टरों ने प्रदर्शन किया। इसमें बस और मेटाडोर यूनियन के लोग शामिल हुए। एसोसिएशन के चेयरमैन टीएस वजीर ने कहा कि यूटी सरकार आम लोगों की समस्याओं को सरकार नजरंदाज कर रही है। यात्री वाहन नहीं होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल की आड़ में कुछ वाहन चालक लोगों से अधिक किराया वसूल रहे हैं। लोगों को और ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं के समाधान के लिए कोई फैसला लेना होगा। वजीर ने कहा कि परिवहन आयुक्त के माध्यम से यूनियन ने उप राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा था, लेकिन अब तक सरकार की ओर से समस्या का समाधान नहीं किया गया है। बिना यात्री किराया बढ़ाए बसें चलाना संभव नहीं है।