नौशेरा। पंचों-सरपंचों ने अपनी मांगों को लेकर सोमवार को एडीसी कार्यालय के बाहर धरना देकर जमकर प्रदर्शन किया। भूख हड़ताल भी की। प्रदर्शन ऑल जम्मू एंड कश्मीर पंचायत कान्फ्रेंस के प्रधान अनिल कुमार शर्मा की देखरेख में किया गया। पीएम मोदी के नाम एडीसी सुखदेव सिंह संब्याल को ज्ञापन सौंपा गया।
अनिल कुमार शर्मा ने कहा कि हमारा मकसद है कि पंचों-सरपंचों को मान सम्मान मिले। हमारे साथ वर्षों से सरकार द्वारा अत्याचार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रूरल विभाग वाले मनरेगा के नाम पर रिश्वतखोरी करते हैं और ठीकरा पंचों-सरपंचों के सर पर फोड़ते हैं। यूटी बनने के बावजूद भी 73वां संशोधन पूरी तरह लागू नहीं किया जा सका। जिसे जल्द लागू करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि पंचों-सरपंचों का मानदेय बढ़ाया जाए। जनता के चुने गए पंचों सरपंचों और चेयरमैन की सरकार कोई सुध नहीं ले रही हैै। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने हमारी सुध ली होती तो आज हमें सड़कों पर अपने हक के लिए न उतरना पड़ता।
बीडीसी चेयरमैन ब्लॉक लंबेड़ी विकास कुमार शर्मा ने कहा कि मनरेगा का एक हजार करोड़ का बकाया जल्द जारी किया जाए। 73वा संशोधन पूरी तरह से लागू किया जाए, ताकि पंचों सरपंचों को उनका पूरा अधिकार मिल सके। इस मौके पर मास्टर बोधराज बीडीसी ब्लॉक चेयरमैन नौशेरा, सरपंच संगीता शर्मा, सरपंच किशोरी दत्त, सरपंच पशोरी लाल समेत काफी संख्या में उपस्थित पंचों-सरपंचों ने सरकार की अनदेखी पर अपनी भड़ास निकाली
कैप्शन : नौशेरा में एडीसी कार्यालय में भूख हड़ताल पर बैठे पंच सरपंच और चेयरमैन
एडीसी नौशेरा सुखदेव सिंह संब्याल को ज्ञापन सौंपते हुए प्रधान व अन्य।