जम्मू। ऑल जम्मू कैजुअल लेवर यूनाइटेड फ्रंट के पदाधिकारियों ने सभी विभागों में अस्थायी कर्मियों को पक्की नौकरी के लिए शनिवार को मंडलायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने डिवकॉम प्रशासन को मांगपत्र भी सौंपा। प्रदर्शन में अलग-अलग विभागों से कर्मचारी मौजूद रहे। फ्रंट के चेयरमैन सतीश शर्मा ने कहा कि कर्मचारियों को नियमित किया जाए। लंबे समय से अस्थायी कर्मी नियमित नहीं किए गए है। मांग की कि अन्य यूटी की तर्ज पर कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन दिया जाए। चेतावनी दी कि जल्द मांगें पूरी नहीं की गईं तो एलजी के साथ अन्य प्रशासनिक उच्च अधिकारियों का घेराव करेंगे। कहा कि पहले भी कई बार प्रदर्शन किए गए हैं, लेकिन आज तक सुनवाई नहीं की गई। हर बार आश्वासन ही मिलते हैं। इस बार कामकाज ठप कर दिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्हें बहुत कम वेतन दिया जा रहा है, जिससे घर का खर्च और बच्चों की पढ़ाई भी चल पा रही। उनकी 26 साल से सेवाएं ली जा रही हैं, लेकिन आज तक रेगुलर नहीं किया गया। कई कर्मचारी बिना तरक्की के सेवानिवृत्त हो चुके हैं, लेकिन लाभ नहीं मिला।