जम्मू। शहीदी चौक स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल और गैस सिलिंडरों की बढ़ी कीमतों के खिलाफ भाजपा सरकार के खिलाफ धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने कंधे पर सिलिंडर उठाकर और थालियां बजाकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने बैनर पकड़ रखे थे, जिनपर बढ़ती महंगाई पर विरोध जताया गया। कार्यकर्ताओं ने जिला उपायुक्त कार्यालय को रैली में निकाली, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। जिला कांग्रेस कमेटी जम्मू अर्बन के नेताओं ने कहा कि पिछले छह साल में डीजल और पेट्रोल पर रिकॉर्ड एक्साइज ड्यूटी बढ़ाई है, जिससे आम लोगों की जेब पर महंगाई का लगातार बोझ बढ़ रहा है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता रमण भल्ला ने कहा कि मोदी सरकार जनता को पिछले छह साल में पेट्रोल और डीजल के उत्पाद शुल्क में बढ़ोतरी पर एकत्र किए 20 लाख करोड़ रुपये का हिसाब दे। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कई बार गिरावट आई है। हमारे छोटे उद्यमी, एमएसएमईएस लगातार ऋण चुकाने के लिए बैंक के दबाव में हैं। किसान आत्महत्या कर रहे हैं। गैस सिलिडरों की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी हुई है। सरकार ने कोरोना महमारी के दौरान जनता से जबरन वसूली का काम किया है। मुनाफाखोरी को बढ़ावा दिया है।
पूर्व मंत्री योगेश साहनी ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतें बढ़ने से मध्यम वर्ग और गरीब परिवार बुरी तरह से प्रभावित हैं। उन्होंने सरकार से दैनिक वेतनभोगी कर्मियों को नियमित वेतन भुगतान की व्यवस्था करने करने की मांग की। मौके पर मुख्य प्रवक्ता रवींद्र शर्मा, मनमोहन सिंह, कृष्ण लाल गुप्ता, संजीव पांडा, थॉमस खोखर आदि मौजूद रहे।