जम्मू। व्यापारियों के भारी विरोध के बावजूद जम्मू में रविवार को स्मार्ट बाजार (रिलायंस स्टोर) खुल गया। चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज जम्मू के अध्यक्ष अरुण गुप्ता और ट्रेडर्स फेडरेशन वेयर हाउस समेत कई बाजार संगठनों के प्रतिनिधियों ने स्मार्ट बाजार के सामने सड़क पर डेढ़ घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया। साथ ही जल्द रिलायंस स्टोर बंद न करने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
चैंबर आफ कामर्स जम्मू के अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने कहा कि सरकार ने जम्मू के व्यपारियों के साथ धोखेबाजी करते हुए रिलायंस स्टोर को चुपके से खुलवाने का काम किया। पिछले साल व्यापारियों के विरोध प्रदर्शन के बाद सरकार और रिलायंस ने आश्वासन दिया था कि जम्मू में रिलायंस स्टोर खोलने की कोई योजना नहीं है, लेकिन वह अपने शब्दों पर कायम नहीं रहे। रिलायंस स्टोर खुलने से छोटे व्यापारियों को बड़ा नुकसान होगा। एक ही छत के नीचे सभी तरह का सामान मिलने से छोटे व्यापारियों को बेरोजगार होना पड़ेगा, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ट्रेडर्स फेडरेशन वेयर हाउस नेहरू मार्केट के अध्यक्ष दीपक गुप्ता ने कहा कि सभी व्यापारी एकजुट होकर और जम्मू की जनता के सहयोग से रिलायंस स्टोरों का कड़ा विरोध करेंगे और उसे जम्मू में नहीं खुलने देंगे। इसके लिए आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
केमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि प्रेम शर्मा ने कहा कि सरकार हर बार जम्मू में ही मल्टी सटोर खोल रही है। इससे जम्मू का व्यापारी भारी नुकसान झेल रहा है। सरकार को कश्मीर में भी रिलायंस स्टोर खोलना चाहिए। जम्मू में पहले से ही कई मल्टी ब्रांड स्टोर खुले हुए हैं। रिलायंस स्टोर में लोगों को बीयर समेत सभी तरह का सामान उपलब्ध होगा, जिससे जम्मू के युवाओं का भविष्य अंधकारमय बनेगा।
स्मार्ट बाजार के बाहर रही पुलिस की कड़ी सुरक्षा
स्मार्ट बाजार में व्यापारी कोई तोड़ फोड़ न करें इसके लिए पुलिस का भारी बंदोबस्त रहा। हालांकि व्यापारियों ने शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन किया। इसलिए पुलिस को बलप्रयोग की जरूरत ही नहीं पड़ी।