जम्मू। एनुअल ट्रांसफर ड्राइव (एटीडी) के फेज-2 के तहत 20 हजार शिक्षकों को तबादले का इंतजार है। सूची में इन शिक्षकों के नाम आने के बावजूद अंतिम सूची जारी नहीं हो पाई है। तबादला प्रक्रिया में देरी के कारण शिक्षकों में आक्रोश है। रविवार को शिक्षकों ने प्रेस क्लब के बाहर प्रदर्शन कर जल्द अंतिम तबादला सूची जारी करने की मांग उठाई है।
शिक्षक आशीष ने कहा कि एटीडी 2022 के फेज-1 के तहत तबादले हो चुके हैं। फेज-2 पूरा होने के बाद हमें वर्तमान कार्यस्थल से रिलीव आर्डर मिलने थे, लेकिन प्रक्रिया की अंतिम सूची जारी नहीं हो रही है। विभाग ने 30 अप्रैल तक प्रक्रिया पूरी करने की बात कही थी। सरकार पांच सितंबर को शिक्षक दिवस पर सूची जारी करे जो शिक्षकों के लिए तोहफा होगा। लंबे समय से शिक्षक एक ही स्थान पर तैनात हैं। हार्ड जोन में तैनात शिक्षकों का तबादला उनका हक है।