जम्मू। लंबित मांगें पूर्ण नहीं होने पर जलशक्ति विभाग के अस्थायी कर्मियों में सरकार और विभाग के खिलाफ गुस्सा बरकरार है। बुधवार को पुलिस की तैनाती होने के चलते मुख्य अभियंता परिसर में ही प्रदर्शन कर आवाज बुलंद की। इस दौरान पुलिस ने परिसर का मुख्य गेट चार घंटे तक बंद कर रैली निकालने के प्रयास को विफल कर दिया।
कर्मचारियों के आक्रोश और दो दिन लगातार रैली के प्रयास को देखते हुए जलशक्ति विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय परिसर में पुलिस की तैनाती की गई थी। परिसर के गेट को सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक बंद रखा गया। इस कारण कर्मचारी बाहर नहीं आ सके। कर्मचारियों ने परिसर में प्रदर्शन कर सरकार से लंबित मांगों को पूर्ण करने की आवाज उठाई। इस मौके पर इंप्लाइज यूनाइटेड फ्रंट के पदाधिकारी रवि हंस, होशियार सिंह और राजेंद्र प्रताप ने कहा कि एक माह से ज्यादा समय से आंदोलनरत हैं, लेकिन अभी तक सरकार की ओर से कोई पहल नहीं की गई है। उन्होंने सरकार से समय पूरा करने वाले कर्मचारियों को नियमित करने, यूटी की तर्ज पर मानदेय जारी करने, दिहाड़ी पांच सौ रुपये करने और 72 माह का बकाया वेतन जल्द जारी करने की मांग उठाई है।