जम्मू। कोविड इमरजेंसी रिस्पांस पैकेज के पूर्व एनएचएम कर्मचारियों ने मंगलवार को रोजगार की मांग के लिए नगरोटा स्थित एनएचएम मुख्यालय का घेराव करने के साथ प्रदर्शनी मैदान के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने विभागीय उच्चाधिकारियों पर उन्हें गुमराह करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्हें दिए आश्वासन के मुताबिक नए पदों में उनके उम्मीदवारों को 40 अंक दिए जाने थे, लेकिन गत दिवस निकाले गए विज्ञापन में 10 अंक देना दर्शाया गया है। प्रदर्शनी मैदान के बाहर सुबह प्रदर्शन में साहिल ने कहा कि वे चार माह से संघर्ष कर रहे हैं। एनएचएम मुख्यालय पर दिनरात चले धरने प्रदर्शन के दौरान उन्हें जल्द नए पद सृजित करने का आश्वासन दिया था। लेकिन अब तक कुछ खास राहत नहीं दी है। महिला कर्मियों ने कहा कि सरकार ने कोविड की दो लहरों के दौरान उनकी सेवाएं लीं। चूंकि अब दोबारा कोविड का दौर चल रहा है, ऐसे में उन्हें नए पदों में एडजेस्ट किया जाना चाहिए। इस दौरान एनएचएम मुख्यालय पर उच्चाधिकारियों ने आश्वासन दिया कि नए पदों के लिए मंजूरी मिल गई है, उम्मीद है कि वे 15 अगस्त के बाद विज्ञाप्ति किए जाएंगे। इसके बाद कर्मचारी शांत हुए।