जम्मू। जलशक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारियों ने मांगें हल नहीं होने पर मंगलवार को जारी हड़ताल को 48 घंटे के लिए बढ़ा दिया है। वहीं, बीसी रोड़ स्थित मुख्य अभियंता कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर जल्द कदम उठाने की मांग उठाई है। कर्मचारियों की हड़ताल 14वें दिन में प्रवेश कर गई। कर्मचारियों का कहना है कि लंबा अरसा बीत जाने के बाद भी स्थिति जस के तस है। अधिकारियों से बैठकें भी हुईं लेकिन कोई हल नहीं निकला है।
जम्मू इंप्लाइज यूनाइटेड फ्रंट के पदाधिकारी रवि हंस, होशियार सिंह और राजेंद्र प्रताप ने कहा कि मांगें हल नहीं हो रही हैं। प्रशासन कर्मचारियों की ओर ध्यान नहीं दे रहा है। बिजली कारपोरेशन में कर्मचारियों को नियमित करने पर प्रक्रिया तेज गति से चल रही है। जलशक्ति विभाग में कुछ नहीं हो रहा है। हाल ही में मानदेय में बढ़ोतरी हुई। यह महंगाई के इस दौर में काफी कम है। हालत यह है कि बच्चों को पढ़ाई करवाना मुश्किल हो गया है। मांगों के समर्थन में कई बार हड़ताल कर चुकें हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। सरकार की ओर से आश्वासनों के अलावा कुछ नहीं मिला है। इस बार मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा। यूटी की तर्ज पर मानदेय देने के साथ ही कर्मचारियों को स्थायी किया जाए।