जम्मू। शिवसेना बाला साहेब ठाकरे ने पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजन पर विरोध जताते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान का पुतला फूंका।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनीश साहनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान की इस हरकत के खिलाफ प्रदर्शन किया। साहनी ने कहा कि पाकिस्तान को अवैध रूप से कब्जाए क्षेत्र में किसी भी क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजन का अधिकार नहीं है।
उन्होंने भारत सरकार से इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए अंतरराष्ट्रीय दबाव बनाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि पीओके पाकिस्तान के अवैध कब्जे में है। इसलिए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को उक्त क्षेत्रों में आयोजन कराने का कोई अधिकार नहीं है। साहनी ने केपीएल में हिस्सा लेने वाले विदेशी खिलाड़ियों को भविष्य में भारत में किसी भी क्रिकेट गतिविधि में हिस्सा लेने पर चेतावनी जारी करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि नापाक हरकतों पर पूर्ण रूप से विराम लगाने लगाने के लिए जोरदार एयर स्ट्राइक की जरूरत है। पीओके के लोगों से भी टूर्नामेंट का बहिष्कार करने की अपील की। इस मौके पर अध्यक्ष महिला विंग मीनाक्षी छिब्बर, महासचिव विकास बख्शी, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट संदीप भगत, विकास दीवान, सचिव बलवंत सिंह, गीता लखोत्रा, बलबीर सिंह, राज कुमारी आदि उपस्थित थे।