जम्मू। प्रदेश में पीडीपी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के तिरंगा उठाने को लेकर दिए बयान पर विभिन्न संगठनों में गुस्सा और उबाल है। शिवसेना बालठाकरे जम्मू-कश्मीर इकाई ने इसकी कड़ी निंदा की है। रोष जताते हुए शिवसेना कार्यकर्ताओं ने शनिवार को प्रदर्शन किया गया और महबूबा का पुतला फूंका। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मनीश साहनी ने आरोप लगाया कि एक सोची समझी साजिश के तहत ठीक बिहार चुनाव से पहले इन नेताओं को रिहा किया गया और देश के खिलाफ बोलने की खुली छूट दी गई, ताकि भाजपा के नेता बिहार चुनाव में इसे अपने हक में भुना सकें।
साहनी ने कहा कि यह वही केंद्र सरकार है, जिसने पांच अगस्त, 2019 को अनुच्छेद 370 और 35ए के हटाते वक्त विरोध जताने वाले तमाम नेताओं को समय रहते ही नजरबंद कर दिया था। यहां तक कि पीएसए लगाते हुए करीब 14 महीने इन्हें समाज से दूर रखा, फिर अचानक कैसे इन नेताओं पर केंद्र सरकार को इतनी दया आ गई कि इन्हें रिहा करने के साथ देश के खिलाफ बोलने और जनता को गुमराह करने की आजादी दे दी गई। शिवसेना कार्यकर्ताओं ने मांग की किदेश और तिरंगे के खिलाफ बोलने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई कर इन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाए।
----------
मुफ्ती और फारूक की बयानबाजी में देशद्रोह
जम्मू। शिवसेना डोगरा फ्रंट ने पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के बयान के विरोध में रानी पार्क में प्रदर्शन किया। अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने कहा कि महबूबा मुफ्ती तिरंगे का सम्मान नहीं कर रही हैं। विशेष दर्जा हासिल करने के लिए बेतुकी बयानबाजी कर रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री फारूख अब्दुल्ला भी विशेष दर्जे के लिए चाइना का साथ लेने की बात कह रहे हैं। यह देशद्रोह है। इससे देश की शांति भी प्रभावित हो रही है। उधर, विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश अध्यक्ष लीलाकरण शर्मा ने झंडे पर दिए महबूबा मुफ्ती के बयान को राष्ट्र द्रोह बताते हुए उन्हें तत्काल गिरफ्तार करने और उनकी संपत्ति जब्त करने की मांग की है।
-------------
पूर्व सैनिक बोले, तिरंगे का अपमान सहन नहीं करेंगे
जम्मू। पूर्व सैनिक सेवा परिषद जम्मू-कश्मीर ने रिटायर्ड ब्रिगेडियर बलबीर सिंह संबयाल की अध्यक्षता मे शनिवार को वर्चुअल बैठक की। इसमें जम्मू संभाग और जिला इकाइयों के प्रभारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती के बयान की कड़ी निंदा की गई। पूर्व सैनिकों ने कहा कि हम देश के तिरंगे के लिए अपनी जान न्योछावर करते रहे हैं और अभी भी कर सकते हैं। कभी भी तिरंगे का अपमान सहन नहीं करेंगे और जो भी कोई तिरंगे का अपमान करेगा उसका हमेशा विरोध करेंगे।
-----------
-------------
विशेष राज्य का दर्जा बहाल हो
जम्मू। जम्मू वेस्ट असेंबली मूवमेंट के अध्यक्ष ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के विशेष राज्य का दर्जा बहाल किया जाए। साथ ही लोगों को उनके अधिकार दिए जाएं। बहुसंख्यक हिंदुओं के लिए सीएए लागू किया जाए। पीओके में पाकिस्तानी सेना की हलचल तेज है। भारत को पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए। कश्मीर घाटी में भी माहौल खराब हो रहा है।