जम्मू। नेकां के प्रांतीय अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राणा ने सरकार से जम्मू जिले में खनन की अनुमति देने की मांग की है। नगरोटा में सोमवार को खनन व्यवसाय से जुड़े लोगों की ओर से ट्रैक्टर ट्राली के साथ प्रदर्शन किया गया। उन्होंने ट्रैक्टर ट्राली के साथ राजभवन की ओर कूच किया, लेकिन उन्हें प्रशासन ने रास्ते में ही रोक दिया। एडीसी ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगो पर शीघ्र गौर किया जाएगा।
इस दौरान राणा ने कहा कि कोरोना महामारी से पहले ही इस व्यवसाय से जुड़े लोग और श्रमिक प्रभावित हैं। अब प्रशासन ने खनन पर पाबंदी लगाकर आजीविका का एकमात्र रास्ता भी बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि खनन व्यवसाय से जुड़े हजारों परिवारों को रोजी रोटी के लाले पड़ गए हैं, प्रशासन को इसके गंभीरता से लेना चाहिए। खनन पर रोक पर निर्माण कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। निर्माण सामग्री की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है।