जम्मू। केसी लॉ कॉलेज के विद्यार्थियों ने जम्मू यूनिवर्सिटी का मैन गेट बंद करके प्रदर्शन किया और कॉलेज व यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विद्यार्थ्यों ने कहा कि प्रशासन द्वारा उनकी मांगों को नहीं सुना जा रहा है। इसी कारण कोरोना महामारी की स्थिति में भी वह घरों से बाहर निकलकर प्रदर्शन करने को मजबूर हैं।
विद्यार्थियों ने बताया कि पांच दिन प्रदर्शन करने के बाद एक मांग को पूरा किया जो कि कॉलेज डेवलपमेंट काउंसिल द्वारा फीस जमा करवाने की आखिरी तिथि को आगे बढ़ाने की थी। इसके लिए कॉलेज को नोटिस भी भेज दिया गया है। इस दौरान सन्नी परिहार ने कहा कि जब तक फीस इंस्टॉलमेंट में जमा करवाने, विद्यार्थियों से कम से कम फीस लेना जैसी मांगों को पूरा नहीं किया जाता प्रदर्शन इसी तरह से जारी रहेगा। प्रदर्शन करने वालों में नकुल शर्मा, राहिल खान, विशाल संधु, दिग्विजय, नवीन कौर, ट्वींकल आदि शामिल थे।