जम्मू। प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों ने बुधवार को रेजीडेंसी रोड स्थित पार्टी मुख्यालय के बाहर सरपंच अजय पंडिता की हत्या के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। उन्होंने उपराज्यपाल से पंडिता की हत्या की न्यायिक जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान हत्या के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कई बैनरों के साथ शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। साउथ कश्मीर के अनंतनाग जिला के लारकीपोरा क्षेत्र के सरपंच पंडिता आतंकियों ने हत्या कर दी थी।
प्रदेशाध्यक्ष जीए मीर ने कहा कि पंडिता कांग्रेस के सदस्य रहे हैं और पार्टी के किसी सरपंच की यह दूसरी हत्या है। नवंबर 2019 में अनंतनाग के हकोरा क्षेत्र के सरपंच पीर मोहम्मद रफी की भी हत्या कर दी गई थी। ऐसी हत्याओं से जनप्रतिनिधियों पर दबाव बनाने के साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था को दबाने की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अनंतनाग में ही किसी एक समुदाय के लोगों को क्यों निशाना बनाया जा रहा है। सरकार को ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा की समीक्षा करते हुए सभी जनप्रतिनिधियों को उचित सुरक्षा मुहैया करानी चाहिए। भविष्य में जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को सुनिश्चित किया जाए। पार्टी के वरिष्ठ नेता रमण भल्ला ने कहा कि विपक्षी दलों के जनप्रतिनिधियों को कोई सुरक्षा व्यवस्था मुहैया नहीं कराई गई है, जिससे आतंकी खुलेआम ऐसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंडिता के हत्यारों के खिलाफ शीघ्र ठोस कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रदर्शन में योगेश साहनी, ठाकुर मनमोहन सिंह, एसएस चन्नी, उदय भानू चिब, नीरज गुप्ता, सुरेश डोगरा, चौधरी द्वारका, रितू चौधरी आदि शामिल रहे।