जम्मू। युवा राजपूत सभा ने जम्मू के लखनपुर इलाके में एक और टोल प्लाजा खोलने का विरोध किया है। सभा के अध्यक्ष सुरिंद्र सिंह गिल्ली का कहना है कि कुछ साल पहले हमारे शहर को मंदिरों का शहर कहा जाता था पर अब यह टोल प्लाजा का शहर बनता जा रहा है। उनका कहना है कि पहले ही सरकार की तरफ से सरोर टोल प्लाजा के रूप में पुरस्कार जम्मू वालों को मिल चुका है और अब यह लखनपुर और अखनूर में टोल प्लाजा खोलने की भी सूचना मिल रही है। गिल्ली का कहना है कि केंद्र सरकार ने जम्मू के लोगों के साथ किसी भी तरह का भेदभाव नहीं करने का वादा किया था पर इस तरह से टोल प्लाजा खोलकर उन्होंने सभी वादे तोड़ दिए हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर प्रशासन को संभाग से सभी टोल प्लाजा हटाने को कहा है। उनका कहना है कि यदि ऐसा नहीं किया तो डोगरे इस बार चुप नहीं रहेंगे।