श्रीनगर के पुराने शहर और अनंतनाग में शुक्रवार को जेएनयू छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन और नारेबाजी हुई। प्रदर्शन के दौरान श्रीनगर में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच भिड़ंत देखने को मिली।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक श्रीनगर के नौहट्टा इलाके में जामिया मस्जिद में जुमे की नमाज के बाद बड़ी संख्या में युवा सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तानी झंडे भी लहराए। हालांकि, किसी के घायल होने की खबर नहीं है लेकिन इस दौरान आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
युवाओं ने देश विरोधी और पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाए। साथ ही प्रोफेसर एसएआर गिलानी और जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार की रिहाई की मांग की।