प्रधानमंत्री से की मामले का कड़ा संज्ञान लेने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। तारा चौक पर शिव सेना हिंदुस्तान पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष गणेश चौधरी के नेतृत्व में रविवार को कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला जलाया। यह प्रदर्शन पुंछ जिले में वीरवार को आतंकियों की ओर से घात लगाकर सेना के दो वाहनों पर हमला करते हुए चार जवानों को बलिदान किए जाने को लेकर किया गया।
गणेश चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस घटना का कड़ा संज्ञान लेने की अपील की। कहा कि पाकिस्तान बातों का नहीं लातों का भूत है। इसलिए, पाकिस्तान को उसकी भाषा में ही जवाब दिया जाना चाहिए। पाकिस्तान परस्त आतंकवादी पाकिस्तान की तरह ही कायर हैं, जो छिपकर वार करते हैं। उनमें इतनी हिम्मत नहीं कि हमारे देश के वीर जवानों का सामने से मुकाबला कर सकें। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की कि इस बार पाकिस्तान को बख्शा नहीं जाना चाहिए। उस पर ऐसा प्रहार होना चाहिए, जिससे वह कई सालों तक याद रखे। देश में कुछ राजनीतिक लोग भी जवानों के बलिदान पर राजनीतिक रोटियां सेंकने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रदर्शन में अरनिया ब्लॉक उपाध्यक्ष भारत भूषण, जिला अध्यक्ष जम्मू राजकुमार गुप्ता, बिश्नाह ब्लॉक उपाध्यक्ष शंकर सिंह, आदि उपस्थित रहे।