उधमपुर: भदरवा में रोड बंद कर प्रदर्शन करते हुए लोग
- फोटो : UDHAMPUR
भद्रवाह। दांडी गांव में एक गर्भवती गाय की करंट लगने से हुई मौत के बाद स्थानीय लोगों ने भद्रवाह-पठानकोट हाईवे जाम कर पीडीडी (विद्युत विकास विभाग) के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों पर सड़क व रिहायशी इलाकों में ट्रांसफार्मर के आसपास बाड़ न लगाकर मानव व पशुओं की सुरक्षा के प्रति लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश में एक गाय रिहायशी इलाके से गुजर रही थी, और बिजली के ट्रांसफार्मर के संपर्क में आ गई। तब उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, गाय को बचाने की कोशिश में महिला बाल-बाल बच गई। इस घटना से गुस्साए लोगों ने भद्रवाह-पठानकोट हाईवे जाम किया। मौके पर पहुंचे बीडीसी अध्यक्ष ओमी चंद भगत और उडराना बी के सरपंच अयाज खान ने पीडीडी पर बिना बाड़ के सड़कों और रिहायशी इलाकों में खतरनाक तरीके से ट्रांसफार्मर लगाकर निवासियों के जीवन और संपत्ति को जोखिम में डालने का आरोप लगाया।
बीडीसी ने कहा कि कई इलाकों में ट्रांसफार्मर जमीन से सिर्फ 4 फुट ऊपर बिना किसी सुरक्षा के लगे हैं, जहां इंसान और जानवर आसानी से चपेट में आ सकते हैं। बिजली के तार राहगीरों की पहुंच में हैं। इससे जीवन को खतरा है। पीडीडी अधिकारियों से लोगों की सुरक्षा के लिए ट्रांसफार्मर को बाड़ के साथ और ऊंचाई पर स्थापित करने की अपील की थी, लेकिन उन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया।
पीड़ित जावेद इकबाल ने कहा कि वह गरीब है। उसके परिवार में 7 लोग हैं। उसकी मर चुकी गर्भवती गाय उसकी कमाई का एकमात्र स्रोत थी। उसका कहना है कि पीडीडी अधिकारियों की लापरवाही ने उसकी आजीविका छीन ली। बाद में पुलिस ने मौके का दौरा किया। एडीसी दिलमीर चौधरी ने सुधारात्मक उपाय करने का आश्वासन देकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया।