जीडी शर्मा कमिशन के विरोध में रविवार को एससी, एसटी और ओबीसी समुदाय की ओर से मशाल रैली निकाली गई। रैली महाराजा हरि सिंह पार्क से शुरू होकर डोगरा चौक से मुड़कर राजभवन की ओर बढ़ी। राजभवन का घेराव करने जा रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने गुम्मट से आगे बस स्टैंड के पास रोक लिया।
प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए आरक्षण को सुरक्षित रखने की मांग उठाई। अनवर चौधरी ने कहा कि एसटी, एससी और ओबीसी के बीच में अब नई उपजातियों को बनाया जा रहा है। पहले आरक्षित जातियों के आरक्षण का बंटवारा किया गया। इस कारण दिक्कत हो रही हैं।
हाल में पहाड़ियों को एसटी का आरक्षण देने की घोषणा की गई। अब बिल पास करने के लिए भेजा जा रहा है। ऑल इंडिया एससी, एसटी और ओबीसी कंफेडरेशन के अध्यक्ष आरके कलसोत्रा ने कहा कि आरक्षण के साथ छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे। प्रशासन जल्द संज्ञान ले और बिल को पारित नहीं किया जाए। जब तक बिल रद्द नहीं किया जाता, विरोध जारी रहेगा।
एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि हाल ही में पहाड़ियों को आरक्षण देने की मांग की गई है। इसमें अन्य वर्चस्वपूर्ण जातियों को भी शामिल किया गया है। ऐसे में सरकार को ये बताना चाहिए कि किनके हक को काट कर उन्हें आरक्षण दिया जाएगा।