रेलवे रोड के पास यार्ड में एसआरटीसी कर्मचारी प्रदर्शन करते।
- फोटो : SHRINAGAR
जम्मू। जम्मू-कश्मीर रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (जेकेआरटीसी) के कर्मचारी 10 और 11 मार्च को चक्का जाम करेंगे। इस दिन जेकेआरटीसी की बसें नहीं चलेंगी। पांच महीने से वेतन न मिलने से आक्रोशित कर्मचारियों ने यह फैसला लिया है।
वीरवार को जेकेएसआरटीसी वर्कर्स यूनियन के बैनर तले कर्मचारियों ने रेलवे रोड स्थिति जेकेआरटीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार और कॉरपोरेशन प्रबंधक के खिलाफ नारेबाजी कर जल्द लंबित वेतन जारी करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष परमजीत सिंह ने कहा कि सरकार की नीतियां कॉरपोरेशन को चलने से ज्यादा उसे बंद करने की हैं। उन्होंने कहा कि आठ मार्च को कर्मचारी जेकेआरटीसी कार्यालय से प्रेस क्लब तक रैली निकालेंगे। वहीं अगले दिन नौ मार्च को काला दिवस के रूप में मनाएंगे, इसमें कर्मचारी काली पट्टी बांध कर अपना विरोध व्यक्त करेंगे। उन्होंने कहा कि पांच महीने से कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है। वह घर खर्च और बच्चों की स्कूल की फीस तक नहीं दे पा रहे हैं। कर्मचारियों ने कोविड जैसे मुश्किल समय में सेवाएं दी हैं, बाहरी राज्य सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से फंसे लोगों को उनके घरों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न सरकारी विभागों में जेकेआरटीसी के करोड़ों रुपए फंसे हैं। अगर इस पैसे का भुगतान हो जाता है तो कर्मचारियों को वेतन मिल जाएगा। कॉरपोरेशन एमडी को मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा है, अगर हमें वेतन नहीं मिला तो हम अपने प्रदर्शन को उग्र रूप देंगे।