मीरां साहिब। जम्मू-कश्मीर किसान तहरीक के राज्य प्रधान किशोर कुमार की अध्यक्षता में केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। गांव कृष्णा नगर से किसानों ने रैली निकाली और कस्बे के बाजार में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, घटता वेतन, मजदूर व किसान विरोधी नीतियों को लेकर प्रदर्शन किया।
जम्मू-कश्मीर किसान तहरीक के राज्य प्रधान किशोर कुमार ने कहा कि केन्द्र सरकार की नीतियों के कारण देश में खेती संकट में दिन व दिन बढ़ोतरी होने पर अन्नदाता को दो वक्त की रोटी नसीब नहीं हो रही। फसल को लेकर एमएसपी लागू करने की मांग की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र की सरकार पूंजीपतियों का कर्जा माफ कर सकती है पर किसानों का नहीं। किसान नेता मनदेव सिंह ने कहा कि किसानों से बीज, खाद्य, कीटनाशक दवाइयाें के लिए अधिक कीमत वसूली जा रही। सरकार हर वर्ष दो करोड़ पढ़े लिखे लोगो को रोजगार देने का वादा पूरा नहीं कर पाई। देश को पूंजीपतियों के हाथों बेचा जा रहा है। सूबेदार बाबा राम ने कहा कि देश के किसानों को संगठित होकर आगे आना चाहिए ताकि हो रही अनदेखी दूर होने पर किसानों की बेहतरी हो सके। इस दौरान बोध राज, सोम लाल, सरदारी लाल, रमेश कुमार, कुलदीप राज सहित अन्य किसानों ने भी अपने विचार रखे।