राजकीय पालीटेक्निक कालेज जम्मू के विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में प्रेस क्लब जम्मू में एकत्र होकर जुलूस निकाल कर टेक्निकल एजूकेशन बोर्ड के सामने धरना प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने बोर्ड के खिलाफ आवाज उठाते हुए कहा कि उनके साथ बोर्ड के अधिकारियों द्वारा अन्याय किया गया है और नतीजों में अधिक से अधिक परीक्षार्थियों को फेल कर दिया गया है।
परीक्षार्थियों की कापियां श्रीनगर में जांची गई, जिससे सितंबर में आई बाढ़ की वजह से ज्यादातर कापियां खराब हो गईं और रिजल्ट में गड़बड़ी की गई। इस प्रकार के आरोप लगाते हुए बोर्ड पर जम्मू के विद्यार्थियों ने रोष प्रकट किया तथा इस प्रकार की गड़बड़ी और लापरवाही के समाधान की अपील की गई।
विद्यार्थियों ने धरना देकर बोर्ड के समक्ष अपनी बातें रखीं और खराब रिजल्ट होने पर अफसोस व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने कहा कि बोर्ड ने हजारों विद्यार्थियों के साथ अन्याय किया है जो बर्दाश्त से बाहर है। इसके समाधान के लिए अधिकारियों को आगे आने की अपील की गई।
वहीं प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने बताया कि जब हम अपने अधिकार के लिए संघर्ष कर रहे हैं तो उन्हें बोर्ड के कुछ अधिकारी उन्हें धमकी भी दे रहे हैं। विद्यार्थियों ने बताया कि कुछ अधिकारी कुछ विद्यार्थियों के साथ अभद्र व्यवहार भी कर चुके हैं, जिससे विद्यार्थियों में भारी रोष है।