पाकिस्तान की ओर से रविवार देर रात आरएस पुरा और अरनियां सेक्टर की कई चौकियों पर गाोलाबारी की गई। गोलाबारी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेता मोहन सिंह चौधरी की देखरेख में मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि लोकसभा चुनाव जीतने के पहले मोदी ने खूृब पाकिस्तान के खिलाफ भाषण दिया, लेकिन जब उस पर अमल का वक्त आया, तो उन्होंने मौन धारण कर लिया है। आजकल उनकी गर्जना नहीं सुनाई देती।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि सीमांत गांव कोराटाना में रविवार देर रात पाकिस्तान ने भयंकर गोलाबारी की और ग्रामीणों के घरों को निशाना बनाकर मोर्टार के गोले भी दागे। इसके पहले भी पाकिस्तान बार-बार संघर्ष-विराम का उल्लंघन करता रहा है, लेकिन केंद्र सरकार कुछ नहीं कर रही है।
लोगों ने एनडीए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर मोहन सिंह चौधरी ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ कोई कदम न उठाए जाने से उसका हौसला बढ़ता जा रहा है।
हालत यह है कि पिछले कई दिनों से सीमांत क्षेत्रों में गोलाबारी हो रही है, लेकिन यहां न तो जिलाधीश जम्मू ने दौरा किया है और न ही राज्य सरकार के किसी मंत्री ने।
गोलाबारी की स्थिति में सीमांत क्षेत्रों में लोगों के बचने के लिए बंकर आज तक नहीं बनाए गए, इसलिए उनकी जिंदगी राम भरोसे ही रहती है। कोरोटाना गांव के थोडूराम, मंगाराम का कहना है कि यदि सीमा पर बीएसएफ के जवान मुस्तैद न हों, तो सीमांत क्षेत्र के गांव कब के खाली हो जाते। सीमावर्ती ग्रामीणों ने पाकिस्तान द्वारा फायरिंग करने पर मुंहतोड़ जबाव दिए जाने की मांग की है।