जगानू मोड़ पर युवाओं ने श्राइन बोर्ड के खिलाफ बोला हल्ला
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मेडिकल काॅलेज में एमबीबीएस सीटों की आवंटन सूची के खिलाफ अब उधमपुर का युवा वर्ग भी मैदान में आ गया है। वीरवार को शहर से सटे जगानू मोड़ पर युवाओं ने श्राइन बोर्ड के खिलाफ प्रदर्शन कर आवंटन सूची को तत्काल रद्द करने की मांग की। युवाओं ने श्राइन बोर्ड मुर्दाबाद, हिंदुओं से भेदभाव बंद करो के नारे लगाए। मांग की कि तत्काल आवंटन सूची को रद्द कर प्रवेश पाने वाले विशेष समुदाय के छात्रों को दूसरे काॅलेज में स्थानांतरित किया जाए।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे युवा विक्रम सिंह चौधरी ने कहा कि श्री माता वैष्णो देवी हिंदुओं का एक बहुत बड़ा तीर्थ स्थल है और हर हिंदू की इसमें विशेष आस्था है। इसके प्रांगण में मौजूद श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय व मेडिकल काॅलेज भी इस तीर्थ स्थल के चढ़ावे से चलता है।
हैरानी की बात है कि अब काॅलेज में एमबीबीएस के लिए सीटें विशेष समुदाय के छात्रों को आवंटित कर दी गई हैं। पूरा हिंदू समाज इसका विरोध कर रहा है लेकिन सरकार उनकी मांग को अनसुना कर अपने बेकार के तर्क देकर हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचा रही है।