- कुर्क की गई संपत्ति में तीन कनाल, 19 मरला भूमि शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में पुलिस ने पाकिस्तान में बैठे दो आतंकी आकाओं की लाखों की संपत्ति कुर्क की है। इनमें तीन कनाल, 19 मरला भूमि शामिल है। यह जमीन जांबुर पट्टन निवासी जलालुद्दीन और कमलकोट उड़ी निवासी मोहम्मद साकी के नाम पर है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई 83 सीआरपीसी की धाराओं के तहत की गई है। इन आतंकियों के खिलाफ पुलिस थाना उड़ी में मामले दर्ज हैं। पुलिस की ओर से की गई जांच और पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि यह संपत्ति आतंकी गतिविधियों के लिए प्रयोग की जा रही थी। यह कार्रवाई उप न्यायाधीश उड़ी से प्राप्त कुर्की के आदेश के बाद की गई है।
-
क्या है सीआरपीसी 83
दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 83 के तहत न्यायालय किसी व्यक्ति की संपत्ति की कुर्की की घोषणा के बाद उसे अटैच करने का आदेश दे सकता है।
इस वर्ष 20 आतंकी आकाओं की संपत्ति हो चुकी है जब्त
15 मई को बारामुला पुलिस ने दो आतंकी आकाओं की संपत्तियां कुर्क की थीं। इसमें एक कनाल और 11 मरला जमीन शामिल है। यह संपत्ति पाकिस्तान में मौजूद आतंकी आकाओं - नवारुंडा के मुहम्मद आरिफ बादल और उड़ी के गौहालन के मुहम्मद बशीर की है। इस वर्ष बारामुला में पुलिस पाकिस्तान में बैठे 20 आतंकी आकाओं की करोड़ों रुपये की संपत्ति कुर्क कर चुकी है।