अडगाम में आतंकी की संपत्ति की जब्त। स्रोत पुलिस
बडगाम। पाकिस्तान से आतंकी गतिविधियों को अंजाम देेने के आरोपी तीन आतंकवादियों की संपत्ति को बडगाम पुलिस ने बुधवार को जब्त किया। ये संपत्तियां खग, चेवा बीरवाह और हरवानी खानसाहिब में स्थित हैं।
पुलिस के अनुसार खग पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले में आतंकवादी गतिविधियों में इस्तेमाल की गई संपत्तियों की कुर्की के लिए ये कार्रवाई की गई है। मंजूर अहमद चोपन उर्फ रईस निवासी हरवानी खानसाहिब के खसरा संख्या 763 के अंतर्गत हरवानी खानसाहिब गांव, बडगाम में परिसर सहित दो मंजिला आवासीय मकान को जब्त किया गया है।
मोहम्मद यूसुफ मलिक उर्फ मौलवी निवासी चेवा बडगाम की खसरा संख्या 151 के अंतर्गत चेवा बडगाम गांव में 5 कनाल, 13 मरला भूमि सहित दो मंजिला आवासीय मकान और बिलाल अहमद वानी उर्फ उमर निवासी नागबल खग की खसरा संख्या 1093 और 1094 के अंतर्गत खग में स्थित 19.5 मरला भूमि को जब्त किया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक पाकिस्तान से सक्रिय ये आतंकवादी कई वर्षों से इस क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों को सक्रिय रूप से संचालित कर रहे हैं। उनकी संपत्तियों की कुर्की, आतंकवादी संगठनों और उनके सीमा पार प्रायोजकों के रसद, वित्तीय और संचालन नेटवर्क को ध्वस्त करने के चल रहे प्रयासों का एक हिस्सा है।