जम्मू। भारतीय जन संचार संस्थान (आईआईएमसी) जम्मू में जारी हिंदी पखवाड़े के तहत मंगलवार को पुस्तक प्रदर्शनी और रेडियो जिंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। हिंदी भाषा के 15 दिवसीय उत्सव में वाद-विवाद, निबंध लेखन, टंकन प्रतियोगिता आदि जैसे विभिन्न कार्यक्रम शामिल हैं।
संस्थान के पुस्तकालय में हिंदी पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच हिंदी भाषा की समृद्धि के बारे में जागरूक करना और उन्हें हिंदी भाषा के प्रति प्रोत्साहित करना है। इसके बाद रेडियो जिंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें अंग्रेजी, हिंदी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति दी। आयुष्मान भारत, लाडली लक्ष्मी योजना, किसान सम्मान निधि योजना, अग्निवीर योजना जैसी विभिन्न सरकारी योजनाओं के साथ महिला सुरक्षा एवं जागरूकता, मानसिक स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा जैसे सामाजिक विषयों पर विद्यार्थियों ने रेडियो जिंगल प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के अंत में आईआईएमसी जम्मू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. दिलीप कुमार ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही उन्होंने हिंदी भाषा के महत्व के बारे में बताया। अनुशासन और संचार कौशल विकास की आवश्यकता पर भी जोर दिया। डिजिटल मीडिया के सहायक प्रोफेसर एवं कोर्स को-ऑर्डिनेटर डॉ. विनीत उत्पल ने छात्रों से हरफनमौला बनने का आग्रह किया। ब्यूरो
स्वच्छता की ली शपथ
आईआईएमसी जम्मू में जारी स्वच्छता पखवाड़े के तहत संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने स्वच्छता की शपथ ली। इसमें उन्होंने स्वैच्छिक रूप से स्वच्छता के लिए प्रति वर्ष 100 घंटे समर्पित करने का वादा किया। इस अवसर पर सहायक प्रोफेसर डॉ. रविया गुप्ता, अकादमिक एवं शिक्षण सहयोगी गुलशन कुमार, अकादमिक एवं शिक्षण सहयोगी राजीव कुमार, अकादमिक एवं शिक्षण सहयोगी मधुसूदन व अन्य स्टाफ सदस्य एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।