कोरोना में लॉकडाउन के चलते जहां हर तरफ ऑनलाइन माध्यम से काम किया जा रहा है चाहे स्कूल या कालेज की पढ़ाई हो या फिर दफ्तरों का काम। लॉकडाउन का पालन सभी घरों में रहकर कर रहे हैं। इसी के चलते इंट्रनेशनल डे फार बायोलाजिकल डाइवर्सिटी (आईडीबी) पर बायोडाइवर्सिटी के बारे में लोगों में जागरूकता लाने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
इसके लिए जम्मू-कश्मीर फारेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट जम्मू की तरफ से बच्चों, विद्यार्थियों और आम जनता के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। विभाग द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि अंतर्राष्ट्रीय बायोलाजिकल डाइवर्सिटी दिवस यानि कि 22 मई 2020 को यह कार्यक्रम ऑनलाइन माध्यम से आयोजित करवाया जाएगा। जिसमें ऑनलाइन निबंध लेखन और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
इसमें क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति भाग ले सकता है। इस तरह से कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न गतिविधियां आयोजित करवाने का फैसला नेशनल बायोडाइवर्सिटी अथारिटी द्वारा लिया गया। जिसका उद्देश्य लोगों को पूरी तरह से बायोडाइवर्सिटी के प्रति जागरूक करना है।
डायरेक्टर जेके फारेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट जम्मू की तरफ से जारी नोटिस में ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कहा गया है ताकि जितना हो सके लोगों में बायोलाजिकल डाइवर्सिटी को लेकर जागरुकता आ सके। और सभी को पृथ्वी का संरक्षण करना कितना आवश्यक है इस बात का पता चल सके। गौरतलब है कि 22 मई को यूनाइटिड नेशनस द्वारा अंतर्राष्ट्रीय बायोलाजिकल डाइवर्सिटी दिवस के रुप में बायोडाइवर्सिटी के बारे में लोगों को बताने और जागरुकता लाने के लिए घोषित किया गया था।