जम्मू। त्योहरी सीजन को देखते हुए 15 अक्तूबर से सिनेमाघर खोलने की इजाजत मिलने के पहले दिन शहर में वेव मॉल सिनेमाघर को छोड़कर अन्य सभी सिनेमाघर बंद रहे। हालांकि वेव मॉल में भी पहले दिन कोई फिल्म नहीं दिखाई गई, शुक्रवार से यहां पुरानी फिल्में दिखाई जाएंगी। कोरोना महामारी के कारण मार्च से सिनेमाघर बंद है। नई फिल्में रिलीज नहीं होने के कारण संचालकों ने फिलहाल सिनेमाघर बंद रखने का ही फैसला लिया है। नई फिल्में आने के बाद ही सिनेमाघर खुलने की उम्मीद है।
शहर में वीरवार को प्लैटिनम सिनेमा, पीवीआर, हरि थियेटर, अपसरा थियेटर बंद रहे। अपसरा थियेटर के मैनेजर तालिक राज गुप्ता ने कहा कि नई फिल्में नहीं आने तक फिलहाल थियेटर बंद ही रहेगा। पुरानी फिल्म लगाने का कोई महत्व नहीं है, लोग नहीं आएंगे। हरि थियेटर के मैनेजर अशोक ने कहा कि नई फिल्म का इंतजार है। वेव मॉल सिनेमा के गुरदीप ने कहा कि हमने पहले दिन सिनेमाघर खेला था, लेकिन फिल्म नहीं दिखाई। शुक्रवार से पुरानी फिल्में दिखाई जाएंगी। नई फिल्म आने के बाद पूर्ण रूप से सिनेमाघर का संचालन किया जाएगा।