कोट भलवाल में तेज बारिश से बही सड़क।
दोमाना। रायपुर-दोमाना विधानसभा के बन तालाब से कोट भलवाल तक सड़क खस्ताहाल है। बारिश से सेंट्रल जेल के पास सड़क का कुछ हिस्सा बह गया है, यही हालत बन तालाब में सीआरपीएफ गेट के सामने, ठठर राधास्वामी आश्रम के सामन और रैपर चौक पर बनी है। यहां जगह-जगह गड्ढे पड़े हैं, जो बारिश के पानी से लबालब हो गए हैं। इससे हादसे का खतरा बना हुआ है। लोगों का आरोप है कि प्रशासन समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। स्थानीय निवासी रणधीर सिंह रायपुरिया ने बताया कि पिछले कई सालों से विभाग द्वारा इस सड़क की तरफ ध्यान नहीं दिया गया। सड़क की दशा इतनी खराब है कि वाहन चालकों के साथ राहगीरों को भी परेशानी होती है। उन्होंने बताया कि कई सालों से सड़क की मरम्मत न होने और पानी की निकासी न होने से यह स्थिति बनी है। बन तालाब सड़क की चौड़ाई भी बहुत कम रह गई है, जिससे गांववासियों को परेशानी होती है। लोगों ने बताया कि सड़क जम्मू से अखनूर को भी जोड़ती है। उन्होंने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत की मांग की है।