जम्मू। शहर में छुट्टी के दिन सफाई रामभरोसे ही रहती है। रविवार को पुराने शहर, डीसी रोड, विक्रम चौक, कासिम नगर समेत अन्य डंपिंग साइट से कचरा दोपहर 12 बजे तक भी नहीं उठ पाया। विक्रम चौक स्थित डंपिंग साइट में कचरा शाम तक बैसे ही बिखरा रहा। कोई सफाई कर्मी या वाहन कूड़ा उठाने नहीं आया। दुर्गंध उठने से लोग परेशान हुए।
शहरवासी रूटीन में सफाई करने के लिए मांग कर चुके हैं। उनका आरोप है कि छुट्टी के दिन मनमर्जी से सफाई होती है। इस कारण दिनभर कचरा डंपिंग साइट में ही बिखरा रहता है। इस बारे में उच्च अधिकारियों को भी अवगत करवाया गया है, लेकिन सुधार नहीं हो पाया है। डीसी रोड स्थित डंपिग साइट में कचरा बिखरा होने के कारण मोहल्लों तक पहुंचने में लोगों को परेशानी हो रही है। सुबह के वक्त सफाई कर्मचारियों ने गलियों की सफाई की। इसके बाद कचरा डंपिग साइट तक पहुंचाया गया। डंपिंग साइट से कचरा उठाने के लिए वाहन नहीं पहुंचे।
-----------
डंपिग साइट से कचरा न उठने पर जानकारी ली जाएगी और कचरे को उठाया जाएगा। रूटीन में कचरा उठाने के निर्देश दिए गए हैं। शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी।
- हरिंद्र सिंह, मुख्य यातायात अधिकारी, नगर निगम