जम्मू। निजी स्कूलों की मनमानी से परेशान अभिभावकों की समस्या पर जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया है। डीसी अवनी लवासा ने आदेश जारी कर अभिभावकों की सुविधा के लिए दो हेल्पलाइन नंबर 01912571912 और 0191-2571616 जारी किए हैं। इन पर अभिभावक समस्या बता सकते हैं। साथ ही जिले के सभी एडीएम को निजी स्कूलों से खिलाफ मिलने वाली शिकायतों को समय रहते निवारण करने के निर्देश जारी किए हैं।
आदेश में कहा गया कि नया शैक्षणिक सत्र शुरू होते ही निजी स्कूल अभिभावकों से ट्यूशन फीस के अलावा वार्षिक और दाखिला फीस सहित अन्य शुल्क ले रहे हैं। साथ ही फीस फिक्सेशन कमेटी द्वारा तय वार्षिक और मासिक फीस से अतिरिक्त फीस ले रहे हैं। साथ ही निजी स्कूल अभिभावकों को एक ही दुकान से पुस्तकें खरीदने को बाध्य कर रहे हैं। कुछ निजी स्कूल अभिभावकों को ऐसी पुस्तकें खरीदने को मजबूर कर रहे हैं, जिन्हें जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा निर्धारित ही नहीं किया है। छह साल के कम आयु के बच्चों को पहली कक्षा में दाखिला नहीं दिया जा रहा, जबकि स्कूल शिक्षा विभाग ने इस शैक्षणिक सत्र में आयु में छूट दी है। आदेश में स्कूल प्रिंसिपल और हेडमास्टर को बच्चों के स्कूल बैग के वजन की जांच करने के लिए कहा है। डीसी ने सभी एसडीएम को मुख्य शिक्षा अधिकारी जम्मू द्वारा गठित टीम को जांच में सहयोग करने के निर्देश दिए। ब्यूरो