अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। अखनूर में सेंट फ्रांसिस हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल के खिलाफ अभिभावक संघ के बैनर तले अभिभावक ने प्रेस वार्ता की। अभिभावक गणेश दास और उनका बच्चा मौजूद रहा। गणेश दास ने कहा कि शनिवार को प्रिंसिपल ने स्कूल बुलाया और टीसी लेने को कहा। सोमवार को जोनल शिक्षा अधिकारी के साथ जब स्कूल गए तो प्रिंसिपल ने दुर्व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि अगर तीन दिनों में बच्चे को स्कूल नहीं बुलाया गया तो वह स्कूल परिसर के सामने प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
अभिभावक ने कहा कि प्रिंसिपल टीसी लेने के लिए दबाव बना रहे हैं। प्रिंसिपल आरोप लगा रहा है कि टीसी के लिए आवेदन किया है जबकि यह बात झूठी है। अगर बच्चे का टीसी लेना होता तो किताबें, वर्दी व अन्य शैक्षिणक सामग्री क्यों खरीदते। उन्होंने कहा कि तीन से बच्चा स्कूल नहीं गया। उसकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। सात साल से बच्चा उसी स्कूल में पढ़ता है। अभिभावक प्रिंसिपल से परेशान है। उन्होंने स्कूल शिक्षा निदेशक जम्मू, डीसी और मुख्य शिक्षा अधिकारी से स्कूल के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं जोनल शिक्षा अधिकारी सुमन बाला ने स्कूल को लेकर रिपोर्ट मुख्य शिक्षा अधिकारी को सौंपी है और मौखिक रूप से पूरे घटनाक्रम से अवगत करवाया है। अभिभावक संघ के अध्यक्ष अतिम कपूर ने कहा कि अगर स्कूल प्रिंसिपल ने बच्चे को स्कूल आने की अनुमति नहीं दी तो परिसर में प्रदर्शन किया जाएगा।