जम्मू शहर के अंबफला चौक स्थित बस स्टाप पर मेटाडोर का इंतजार कर रही दो महिलाएं गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे दर्दनाक हादसे का शिकार हो गईं। एक बेकाबू स्कूल बस ने दोनों को रौंद दिया। मरने वाली दोनों महिलाएं सोशल वेलफेयर विभाग की कर्मचारी थीं। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं, वरना इसमें सवार दो दर्जन स्कूली बच्चे भी हादसे का शिकार हो जाते।
हादसे के बाद बस का चालक बच्चों को छोड़कर फरार हो गया। जाते वक्त बस के दस्तावेज भी ले गया। लेकिन देर शाम को उसे पकड़ लिया गया।
मृतक महिलाओं में राज रानी निवासी वार्ड नंबर 2 अखनूर और स्वीटी निवासी वार्ड नंबर 5 अखनूर के रूप में हुई है। दोनों ही अखनूर में क्राफ्ट टीचर के तौर पर सोशल वेलफेयर विभाग में कार्यरत थीं। जानकारी के अनुसार गुरुवार को नगरोटा की तरफ से एक बस अचानक अंबफला चौक पर पहुंचते ही अनियंत्रित हो गई।
बस ने पहले स्टाप पर खड़ी दो महिलाओं को कुचल दिया। इसके बाद बस दुकान की दीवार से टकराई। बस यहां भी नहीं रुकी और फिर सामने खड़े पेड़ से जाकर टकराई और रुक गई।