प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए साल पर रियासत के लोगों को कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। 15 जनवरी को राज्य के एक दिवसीय दौरे को प्रधानमंत्री ने स्वीकृति दे दी है। मोदी दौरे के साथ ही जम्मू-कश्मीर में लोकसभा और विधानसभा चुनाव का बिगुल भी फूंकेंगे।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दौरे के दौरान जम्मू के विजयपुर में प्रतिष्ठित एम्स परियोजना की आधारशिला रखेंगे। वहां पर प्रधानमंत्री की भव्य रैली भी होगी।
यहीं से प्रधानमंत्री आनलाइन जम्मू-अखनूर फोर लेन परियोजना, लद्दाख विश्वविद्यालय, सुंदरबनी डिग्री कालेज, अखनूर में इंद्रपत्तन पुल, उधमपुर में देविका नदी के सुंदरीकरण कार्य, शाहपुर कंडी और उज्ज परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा रटले पनबिजली और चिनैनी-सुद्ध महादेव वैकल्पिक राजमार्ग आदि परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।
रैना के अनुसार प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डा. जितेंद्र सिंह, राष्ट्रीय महासचिव राम माधव से उनकी मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जम्मू कश्मीर के दौरे पर चर्चा हुई। राम माधव ने प्रधानमंत्री से इस संबंध में बात की और उन्होंने दौरे को अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी।