भवन निर्माण में 70 लाख रुपये खर्च होने की बात नकारी, जांच कराने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। कस्बे के वार्ड 2 स्थित देवी द्वारा मंदिर की कमेटी ने सामुदायिक भवन के निर्माण पर सवाल उठाए। कमेटी के सदस्यों ने प्रेसवार्ता कर कहा है कि इसके निर्माण पर किए खर्च का ब्योरा संबंधित विभाग मंदिर कमेटी को दे। साथ ही पूरे मामले की जांच कराई जाए।
कमेटी प्रबंधन के प्रवक्ता विक्रम शर्मा ने कहा कि कमेटी को सामुदायिक भवन के पुनर्निमाण पर हुए खर्च की जानकारी नहीं दी गई है। लोगों का कहना है कि मंदिर में बने इस भवन पर नगरपालिका ने 70 लाख रुपये खर्च किए हैं। लेकिन, मंदिर कमेटी को इसकी जानकारी तक नहीं। उन्होंने कहा कि भवन का अभी तक उद्घाटन भी नहीं हुआ है, और वह खस्ताहाल हो चुका है। अगर इस पर 70 लाख रुपये खर्च किए हैं तो फिर यह इतने कम समय में खस्ताहाल कैसे हो गया? यह भी कहा जा रहा है कि मंदिर के पुनर्निमाण का काम पूरा हो गया है। लेकिन, सच तो यह है कि अभी काफी काम बाकी है। मंदिर कमेटी चाहती है कि इस मामले की जांच की जाए।
इस संबंध में मंदिर कमेटी का एक शिष्टमंडल मंगलवार को प्रधान राकेश गुप्ता के नेतृत्व में एसडीएम सीमा परिहार से मिला। उन्होंने लिखित में अवगत करवा कर निर्माण की राशि के साथ इसकी गुणवत्ता की जांच करने की मांग की। कहा कि आधा अधूरा काम हुआ है, जिससे मंदिर प्रबंधन संतुष्ट नहीं है। इस दौरान कमेटी के सदस्य अनिल कपूर, संजय गुप्ता, अजय गुप्ता, सुरेंद्र कुमार, नरेश कुमार, आदि मौजूद रहे।