सीआरपीएफ के महानिदेशक प्रकाश मिश्र ने वीरवार को कटड़ा में माता वैष्णो देवी की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
साथ ही कठुआ जिले के राजबाग थाने का दौरा किया जहां पिछले दिनों आतंकियों ने हमला किया था। उन्होंने कहा कि आतंकी हमलों से निपटने के लिए नए सिरे से और पहले से ज्यादा तैयारियां करनी होंगी।
जवानों को टैक्टिकल ट्रेनिंग देकर किसी भी तरह के आतंकी हमले से निपटने में पहले से ज्यादा सक्षम बनाना होगा। मिश्र ने कहा कि हथियार और उपकरणों की सुविधाएं यांत्रिक पक्ष है, लेकिन असली सावधानी जवानों को दिमाग से बरतनी होगी।
बल के जवान जहां पर भी तैनात हों वे सोचते रहें कि आतंकी हमले का रूट क्या हो सकता है? हमले को रोकने के लिए किस तरह की रणनीति तैयारी की जानी चाहिए?
इन पहलुओं पर सोचने और सुझाव देने में जवान कतराएं नहीं। कहा कि हर सुझाव को तवज्जो देते हुए सुरक्षा पहरे को अपग्रेड करने की सतत प्रक्रिया चलाई जाएगी।