बिजबिहाड़ा में बन रहा यात्री निवास, सड़क का काम जल्द होगा शुरू
प्रशासन ने यात्रा की तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त अनंतनाग एवं यात्रा अधिकारी पहलगाम डॉ. बिलाल मोहिउद्दीन भट ने सोमवार को सुभानपोरा बिजबिहाड़ा स्थित यात्री निवास बिजबिहाड़ा का निरीक्षण किया। सड़कों का काम भी जल्द शुरू होगा। निरीक्षण का उद्देश्य यात्रा से पहले बुनियादी ढांचे और व्यवस्थाओं का जायजा लेना था। यह यात्री निवास ओएनजीसी के संरक्षण में तैयार हो रहा है। इसमें लगभग 1,500 श्रद्धालुओं के ठहरने की क्षमता है। आवश्यकता पड़ने पर इसे अमरनाथ यात्रियों के ठहराव और सुविधा के लिए उपयोग में लाया जाएगा। इस दौरान उपायुक्त ने आरएंडबी विभाग की ओर से कराए जा रहे संपर्क मार्ग के मैकडमाइजेशन (सड़क निर्माण ) कार्य का भी निरीक्षण किया।
लंगरों के आवेदन की स्क्रूटनी शुरू
लंगर चलाने वाले संगठनों की स्क्रूटनी प्रक्रिया भी श्राइन बोर्ड ने शुरू कर दी है। कुछ सेवादारों के आवेदन रिजेक्ट होने से उनमें निराशा भी है। वहीं भोले के भक्त यात्रा आवेदन की तारीख की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।
जल्द शुरू होगा भगवतीनगर आधार शिविर में रंग रोगन:
पर्यटन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शीर्ष अधिकारियों की बैठक जल्द प्रस्तावित है। उसी के बाद भगवतीनगर आधार शिविर की साफ-सफाई व रंगरोगन भी शुरू हो जाएगा।