आईपीएल की तर्ज पर जम्मू के बाद दूसरे चरण में राज्य पुलिस की ओर से आगामी 6 जून से जेकेसीए के शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में पुलिस पब्लिक क्रिकेट प्रीमियर लीग (पीपीसीपीएल) का आयोजन किया जा रहा है। इसमें कालेज, विश्वविद्यालयों, स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेटरों को मौका दिया जाएगा।
आईपीएल की तरह प्रतिभाशाली क्रिकेटरों की बोली लगाकर उन्हें टीमों में शामिल किया जाएगा। चैंपियनशिप में दस टीमें शामिल हो रही हैं।
आईजीपी कश्मीर एवं लीग के निदेशक एसजेएम गिलानी के अनुसार मीट के उद्घाटन समारोह में बॉलीवुड के गायकों के साथ आईपीएल के एंकर शिरकत करेंगे।
इसके अलावा मैदान पर लेजर शो, एरोबेटिक नृत्य, फायर नृत्य, स्पीट पेंटिंग, म्यूजिक बैंड आदि की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। लीग के नोडल अफसर एसएसपी कश्मीर अमित कुमार के अनुसार चैंपियनशिप के लिए सोफर मुर्तजा वारियर, रामहाल लायन, सिमुला सुपर स्टार, बीसीसी बुल्स, अली हमाजा सुपर किंग्स, टीसीआई मैक्स, एचके स्टार्स, अनंतनाग किंग्स, मिर्जा ग्लेडिएटर्स और जेकेपी टाइगर्स के खिलाड़ी प्रतिभा दिखाएंगे।
लीग के कोआर्डिनेटर राजेश गिल के अनुसार लीग के लिए बोली में 450 के करीब क्रिकेट शिरकत कर रहे हैं। जिसमें बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले क्रिकेटरों को टीमों में शामिल किया जाएगा। प्रति टीम खुद के आठ खिलाड़ियों के अलावा अन्य आठ खिलाड़ियों को बोली में ले सकते हैं।
लीग के लिए एसकेआईसीसी में आगामी 1 जून को दोपहर 1.30 बजे के बाद से क्रिकेटरों की बोली प्रक्रिया किया जाना प्रस्तावित है। उल्लेखनीय है कि राज्य पुलिस की ओर से हाल ही में जम्मू में करवाई गई पीपीसीपीएल में प्रोफेशनल टीमों के क्रिकेटरों ने शानदार क्रिकेट का प्रदर्शन किया था। रियासत में अपनी तरह की ऐसी पहली बार चैंपियनशिप करवाई जा रही हैं।