- छह घंटे आपूर्ति बंद रही, नानक नगर व आसपास के इलाकों में सुबह पांच से नौ बजे तक वोल्टेज कम ज्यादा होती रही
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर में मौसम साफ होने के बाद उमस काफी बढ़ गई है। बिजली कटौती अन्य दिनों की अपेक्षा शनिवार को ज्यादा हुई। छह घंटे की बिजली कटौती से लोग परेशान रहे। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहर 12 से लेकर शाम पांच बजे तक आई। स्थिति यह थी कि आधा घंटा बिजली आती और एक घंटे के लिए गुल हो जाती।
नानक नगर और आसपास इलाकों में सुबह पांच बजे से लेकर सुबह नौ बजे तक वोल्टेज कम या ज्यादा होती रही। यहां पर तकनीकी खराबी आने के कारण लोगों को बिजली उपकरण बंद करने पड़े। सुबह नौ बजे खराबी को ठीक किया गया और आपूर्ति बहाल की गई है। इसके अलावा शहर के पुराना शहर, जानीपुर, बस स्टैंड, बख्शी नगर, तालाब तिल्लो, राजपुरा चुंगी, शक्ति नगर इलाकों में बिजली की आंखमिचौली से लोग परेशान रहे।
इसी तरह आरएस पुरा के बड़याल कालियां में ट्रासफार्मर जल गया। इस कारण लोगों को रात उमस में बितानी पड़ी। लोगों के अनुसार तीन दिन पहले ट्रांसफार्मर लगाया था, दो घंटे बाद ही जल गया। हालात यह हैं कि न पानी मिल रहा है और न बिजली। अभी तक ट्रांसफार्मर का समाधान नहीं हो पाया है।
कोट ...
तकनीकी खराबी के कारण नानक नगर में समस्या आई थी। सुबह इसे ठीक कर दिया गया है। इसके अलावा अन्य जगहों में परेशानी का समाधान किया गया है।
- अशोक कुमार, एक्सईएन, बिजली निगम
-व्यापारियों ने बिजली कटौती के विरोध में पुरानी मंडी में किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। पुराने शहर के अलग-अलग बाजारों के व्यापारियों ने बिजली कटौती के विरोध में पुरानी मंडी में प्रदर्शन किया। इस मौके पर लिंक रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि बिजली निगम समस्या का निदान नहीं कर रहा। बार-बार कटौती की जा रही है। हालात यह हैं कि दो घंटे बिजली आती है तो एक घंटा गुल रहती है।
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले पुरानी मंडी में एक दुकान को शार्ट-सर्किट के कारण आग लग गई थी। दुकानदार को मुआवजा दिया जाए। इसके अलावा जो मीटर खंभे पर लगे हुए हैं इन्हें हटाया जाए। खंभों में तारों का जंजाल है। शार्ट-सर्किट होने पर आग लग रही है।
इस मौके पर मोती बाजार एसोसिएशंस ,राजतिलक रोड ट्रेड एसोसिएशन, पटेल बाजार एसोसिएशन, सेंट्रल बेसिक स्कूल पुरानी मंडी एसोसिएशन, लखदाता बाजार एसोसिएशन, खिलौने वाली गली बाजार एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे।