- जल संकट गहराया, बन तालाब में तीन सप्ताह बाद भी पानी की आपूर्ति नहीं
-पलौड़ा में मोटर जली, लोग निजी तौर पर टैंकर मंगवाकर बुझा रहे प्यास
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। पारा चढ़ता जा रहा है, बिजली लोड बढ़ने से अब ट्रांसफार्मर के फ्यूज उड़ रहे हैं। इस कारण लोगों को जहां लंबे बिजली कट झेलने पड़ रहे हैं, वहीं कम वोल्टेज की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है। इसी के साथ शहर में जल संकट गहरा गया है। लोगों को जरूरत पूरी करने के लिए निजी तौर टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं।
दिन में हालात यह रहे कि बिजली के कम या ज्यादा होने पर लोगों को मजबूरन बिजली उपकरण बंद करने पड़ रहे हैं। सुबह 10 बजे केनाल रोड पर लगे ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आ गई। दोपहर एक बजे बिजली की आपूर्ति बहाल हो पाई। यहां पर आईआईआईएम, सिंचाई विभाग, साथ लगते मोहल्लों में बिजली बंद रही। सिंचाई विभाग में काम बिना बिजली के गर्मी की तपिश में ही निपटाया गया। डीजी सेट आधा घंटा चलने के बाद बंद हो गया। इस कारण यहां पर काम करवाने आने वाले लोग भी पसीने से तर-बतर रहे।
इसके अलावा भगवती नगर, रिहाड़ी चुंगी, राजपुरा चुंगी, बख्शी नगर मोड़ में भी कम वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान रहे। रात को भी बिजली कट सहन करने पड़े। कुछ इलाकों में कम वोल्टेज की समस्या पेश आई। इसके अलावा त्रिकुटा नगर, नरवाल के इलाकों में ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ने के कारण डेढ़ घंटे का कट सहन करना पड़ा। कट लगने से पेयजल की आपूर्ति नहीं हो पाई। प्लौड़ा पंप हाउस में पानी की मोटर जल गई। बन तालाब में तीन सप्ताह बाद भी पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई है। लोगों को निजी तौर पर पानी के टैंकर मंगवाने पड़े।
कोट ....
कुछ इलाकों में पेयजल की किल्लत रही है। इसका समाधान किया गया है। बिजली कट के कारण परेशानी आ रही है।
- अनिल गुप्ता, एक्सईएन, जल शक्ति विभाग
कोट
बिजली का लोड बढ़ने के कारण परेशानी आ रही है। कुछ जगहों पर फ्यूज उड़े हैं। दोबारा बिजली बहाल कर दी गई है।
- अवनीत गुप्ता, एक्सईएन, बिजली कारपोरेशन