बिलावर। शनिवार रात 2:00 बजे से गुल हुई बिजली रविवार दोपहर 12:00 बजे बहाल हुई। इसके कारण इलाके के लोगों को उमस भरी गर्मी में दिक्कतें उठानी पड़ी। पंच सूरम सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों से इलाके में बिजली की अघोषित कटौती का दौर जारी है। राकेश कुमार चंदेल ने बताया कि बिजली विभाग त्योहारों पर भी बिजली सुविधा प्रदान करने में विफल हो गया है।
जालंधर से भाई को राखी बंधवाने पहुंचीं भूमिका ने बताया कि कई महीनों बाद अपने मायके पहुंची थीं, लेकिन बिजली की अघोषित कटौती के चलते परेशान रहीं। रक्षाबंधन के उपलक्ष्य पर पठानकोट के जुगयाल से बिलावर पहुंची निरुपमा ने कहा कि रात 2:00 बजे से बिजली बंद हो गई, जिसके बाद उमस भरी गर्मी में उन्हें परिवार सहित दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मौजूदा समय में जम्मू में परिवार सहित रहने वाले मूल रूप से बिलावर से सटे किशनपुर गांव के निवासी राजीव ने कहा कि कई दिनों बाद अपने गांव में रक्षाबंधन पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि रात 2:00 बजे से गुल हुई बिजली रविवार दोपहर 12:00 बहाल हुई, जिसके बाद राहत मिली।
प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि इस संबंध में कई बार बिजली विभाग को अवगत करवा चुके हैं। इसके बावजूद सही प्रकार से बिजली सुविधा नहीं मिल पा रही है। कई जनप्रतिनिधियों ने बिजली विभाग को चेतावनी दी है कि बिजली विभाग ने अगर जल्द कार्यप्रणाली को नहीं सुधारा, तो आने वाले दिनों में लोग बिजली विभाग के एईई के कार्यालय का घेराव करेंगे। इस संबंध में जब बिजली विभाग के अधिकारी अश्विनी कुमार से जानकारी हासिल की तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।