लोगों ने प्रशासन और शिक्षा विभाग से जेडईओ की तैनाती की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। चौकी चौरा उप जिले में नौ महीने से जोनल शिक्षा अधिकारी (जेडईओ) का पद खाली होने पर क्षेत्र के लोगों को शिक्षा संबंधी विभिन्न प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि जेडईओ की तैनाती की जाए।
उपजिला चौकी चौरा में नौ महीने पहले तैनात जेडईओ रिटायर्ड हो गए थे। इसके बाद एक महीने इस पद पर किसी की तैनाती नहीं होने पर चौकी चौरा जेडईओ का पदभार अखनूर हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल को सौंपा गया। इसके बाद तीन महीने बाद हायर सेकेंडरी स्कूल चौकी चौरा के प्रिसिंपल को जिम्मेदारी दी गई। इस पर शिक्षा संबंधी किसी कार्य के लिए प्रिंसिपल पर ही निर्भर रहना पड़ता है।
चौकी चौरा जोन में 17 हायर स्कूल, 37 मिडल स्कूल और 98 प्राइमरी स्कूल हैं। इसमें क्षेत्र के शिक्षकों को मासिक वेतन भी समय पर नहीं मिल पाता है। वहीं जेडईओ नहीं होने पर शिक्षा संबंधी शिकायतों का निवारण नहीं हो पा रहा है। क्षेत्र के लोगों ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मांग की है कि उप जिला चौकी चौरा में नौ महीने से जेडईओ का पद खाली पड़ा पद भरा जाए।