पुंछ में आतंकी हमले के बाद सुरक्षाबल
- फोटो : एजेंसी
पुंछ के भाटादूड़िया में हुआ आतंकी हमला बहुत हद तक उग्रवादियों जैसा था। यहां एक सोची-समझी साजिश के तहत पहले सेना के वाहन को घेरा गया, फिर उस पर हमला किया और फिर उसको आग लगा दी। हमले को अंजाम देने के लिए एक आतंकी ने पहले ट्रक के सामने आकर इसे रोका।
रुकते ही ट्रक पर गोलियां बरसाना शुरू कर दीं, जबकि दूसरी तरफ से अन्य आतंकियों ने भी गोलियां बरसाते हुए ग्रेनेड फेंक दिए और केमिकल का इस्तेमाल करते हुए फायर बम दागकर ट्रक को आग लगा दी। बता दें कि वर्ष, 2015 में मणिपुर में में सेना के काफिले में शामिल एक बस पर घात लगाकर उग्रवादियों ने हमला कर दिया था।
दहशतगर्दों ने बस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाते हुए हमला किया और बाद में बस को आग लगा दी। इस हमले में सेना के 19 जवान शहीद हो गए। ठीक इसी तरह से भटादूड़िया में हमला किया गया है। बताया जा रहा है कि एक आतंकी अचानक से ट्रक के सामने आ गया।
जैसे ही ट्रक रुका तो ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। इसके बाद ट्रक में आग लगा दी। ताकि जवान अपनी जान न बचा सकें। आतंकियों ने मात्र 10 मिनट में ही पूरे हमले को अंजाम दिया है।
राजोरी-पुंछ में बड़े हमले
राजोरी और पुंछ में पिछले 2 से 3 सालों में पांच बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं, जो इस ओर इशारा कर रही हैं कि आतंकी अब लगातार राजोरी-पुंछ के इलाके को निशाना बना रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों को इस बात की भी जानकारी मिली है की इन दोनों जिलों में छह से सात आतंकी पिछले लंबे समय से एक्टिव हैं और हो न हो उनमें से 3 से 4 आतंकियों के एक ग्रुप ने इस हमले को अंजाम दिया है। इससे पहले भी इन्हीं आतंकियों में से कुछ ग्रुप इस तरह के हमले कर चुके हैं।
ऐसे हुए बड़े हमले
- 11 अक्तूबर, 2021: पुंछ जिले की सुरंगकोट तहसील में हुए एक आतंकी हमले में पांच सैन्य जवानों की शहादत हुई।
- 16 अक्टूबर, 2021 : वीरवार को जिस जगह आतंकियों ने इस हमले को अंजाम दिया ठीक उसी जगह 16 अक्टूबर, 2021 को आतंकी हमले में चार जवान शहीद हुए थे।
- 11 अगस्त, 2022 : राजोरी के दरहाल इलाके के परगल में आर्मी कैंप पर हुए एक आतंकी हमले में पांच जवान शहीद हुए, जबकि इस हमले को अंजाम देने वाले दोनों फिदायीन हमलावरों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया था।
- एक जनवरी, 2023 : राजोरी के डांगरी में हुए एक आतंकी हमले में अल्पसंख्यक समुदाय के सात लोगों को आतंकियों ने मौत के घाट उतार दिया।