पुंछ। जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग के गतिविधि कैलेंडर 2025-26 के तहत मंगलवार को नगर में अंतर जिला संभाग स्तरीय लड़कियों के सभी आयु वर्ग में हाकी और लड़कियां के 17 वर्ष लड़कियों के फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया।
लड़कियों के सभी आयु वर्ग अंतर 19, अंतर 17 व अंतर 14 वर्ष आयु वर्ग के मुकाबले आयोजित किए गए जिनमें पुंछ का दबदबा रहा। पुंछ ने 19 वर्ष आयु वर्ग में कठुआ को 6-0 गोल से हराया, 17 आयु वर्ग में पुंछ ने जम्मू को 5-1 गोल से हराया और 14 आयु वर्ग में पुंछ ने जम्मू को 4-0 से हरा कर अपनी जीत का डंका बजाया।
नगर स्थित लड़कों के हायर सेकंडरी स्कूल के हॉकी एस्ट्रो टर्फ मैदान पर उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों ने भाग लिया। इस समारोह की अध्यक्षता जिला युवा सेवा और खेल अधिकारी मोहम्मद कासिम और आयोजन समीति के सचिव विजय कुमार ने की जबकि अतिरिक्त जिला विकास उपायुक्त पुंछ ताहिर मुस्तफा मलिक इसके मुख्य अतिथि रहे।